18 अप्रैल का अग्निकांड बना काल, 3 मासूमों की बुझी ज़िंदगी
बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के चलते हुए दर्दनाक अग्निकांड में अब तक तीन किशोरों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को 15 वर्षीय साहिल रजा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले अजीत (13) और अर्शिल (14) की मौत हो चुकी थी, जबकि फरमान की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
बेसमेंट में चल रहा था खतरनाक धंधा
जानकारी के मुताबिक बरखन मार्ग स्थित एक मोटर गैराज के बेसमेंट में लंबे समय से अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। पुलिस से बचने के लिए यह काम छिपकर किया जाता था।
गैस लीक और चिंगारी ने ली जान
घटना के दिन जैसे ही किशोर सिलेंडर को गाड़ी में रखने लगे, अचानक गैस लीक हुई और चिंगारी से भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में बेसमेंट आग की लपटों में घिर गया और सभी किशोर बुरी तरह झुलस गए।
गरीबी ने छीना सहारा, परिवारों में मातम
मृतक अजीत अपने परिवार का सहारा था, और कम उम्र में ही काम करने लगा था। इस हादसे ने परिवारों को तोड़कर रख दिया है। परिजनों ने गैराज मालिक पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जांच तेज, अवैध नेटवर्क पर शिकंजा
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गैराज पर कार्रवाई की तैयारी है। इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग के नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।
