इज्जतनगर मंडल की पहल, 14 फेरों के लिए चलेगी साप्ताहिक स्पेशल, बरेली समेत कई स्टेशनों को मिलेगा फायदा
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने गर्मियों के सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बड़ी सुविधा दी है। रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर -लालकुआँ साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। 05009 गोरखपुर-लालकुआँ स्पेशल ट्रेन 10 अप्रैल से 10 जुलाई 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन हर शुक्रवार गोरखपुर से शाम 5:05 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन सुबह 8:00 बजे लालकुआँ पहुंचेगी, 05010 लालकुआँ-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 11 अप्रैल से 11 जुलाई 2026 तक हर शनिवार लालकुआँ से सुबह 10:00 बजे चलकर अगले दिन रात 1:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके कुल 14 फेरे लगाए जाएंगे।
इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन रास्ते में कई अहम स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें बस्ती, गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा, किच्छा शामिल हैं। जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। इस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। जिनमें सामान्य श्रेणी स्लीपर, एसी थर्ड, इकोनॉमी, एसी सेकंड, एसी फर्स्ट सेकंड के डिब्बे शामिल होंगे, ताकि हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिल सके।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन से लंबी दूरी के यात्रियों को राहत देगी। कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ाएगी, और यात्रा को आसान बनाएगी। रेलवे का यह कदम गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
