चार बदमाश गिरफ्तार, 80 हजार रुपये कैश व हथियार बरामद
बरेली: यूपी के बरेली देहात की थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने कलेक्शन एजेंटों से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 80,000 रुपये नकद, सैमसंग टैबलेट, अवैध तमंचा-कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। यह लूट जहरीला गैंग ने की थी। गिरोह का एक साथी अजय गंगवार अब भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
कैसे हुई थी लूट?-बाइक रोककर छीना बैग, एजेंट सड़क पर गिरे
8 दिसंबर की शाम कलेक्शन एजेंट लालाराम और सुनील कुमार कलेक्शन का पैसा जमा कर लौट रहे थे, जब वे रहपुरा रोड पर सृजन स्कूल से करीब 200 मीटर आगे पहुंचे, तभी दो बाइक सवार बदमाश उनके करीब आए और झटके से एजेंटों का बैग छीन लिया। बैग में 1,20,000 नकद,दो मोबाइल फोन,एक सैमसंग टैबलेट था। बैग छिनते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस की तेज कार्रवाई-रहपुरा अंडरपास पर छापा, चार पकड़े
लूट की शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सर्विलांस व स्थानीय मुखबिरों की सूचना पर रहपुरा अंडरपास के पास दबिश दी गई। यहां से पुलिस ने चार आरोपी अंकित, रण सिंह, गोविंद उर्फ ज़हरीला और मोनू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 80,000 नकद, लूटा गया सैमसंग टैबलेट, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
पूछताछ में हुआ खुलासा, रेकी के बाद दी थी वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों अजय गंगवार और भूपेंद्र के साथ मिलकर पहले कलेक्शन एजेंटों की रेकी की। इसके बाद तय प्लान के अनुसार लूट की वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि लूट के बाद पैसों का आपस में बंटवारा भी कर लिया था। पुलिस अब फरार आरोपी अजय गंगवार की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
