बरेली : एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने शनिवार को एक बड़ी तस्करी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 52 लाख रुपये की अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अलीगंज निवासी रामऔतार के रूप में हुई है। टीम ने उसके पास से अफीम का बड़ा जखीरा और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। एएनटीएफ की सूचना पर सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
रांची का डेविड- तस्करी नेटवर्क का बड़ा खिलाड़ी?
जांच में एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। एएनटीएफ के मुताबिक डेविड, जो रांची (झारखंड) का रहने वाला है। उसके खिलाफ बदायूं में मुकदमा चल रहा है। मुकदमे की तारीख पड़ने पर वह बदायूं आया था, और इसी दौरान झारखंड से अफीम लेकर बरेली पहुँचा। यहां से उसने देवचरा में आरोपी रामऔतार को अफीम की सप्लाई की। रामऔतार आगे यह अफीम पंजाब की एक पार्टी को बेचने वाला था,लेकिन इससे पहले ही एएनटीएफ की टीम ने उसे दबोच लिया।
महेशपुर फाटक से की गिरफ्तारी
एएनटीएफ की टीम ने बदायूं रोड की महेशपुर फाटक के पास चेकिंग के दौरान रामऔतार को रोका। कथित आरोपी घबराया, तो टीम ने तलाशी ली और उसके पास से 52 लाख की अफीम बरामद हो गई। मगर, डेविड अभी भी फरार है। उसको तलाश जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार,डेविड इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही है।
जानें क्या बोले ANTF अफसर
अधिकारियों का कहना है कि “बरेली और आसपास के जिलों में फैले नारकोटिक्स नेटवर्क पर सख्ती से कार्रवाई जारी है। बड़े सप्लायरों तक पहुँचने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।”एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। झारखंड- बदायूं- बरेली- पंजाब तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मुख्य सप्लायर डेविड पुलिस की रडार पर है। उसके बड़े लेवल पर ऑपरेशन की संभावना जताई जा रही है।
