बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के सतीपुर रोड निवासी एक महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की है कि उसके बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाकर थर्ड डिग्री दी गई है। मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।प्रार्थिनी मुन्नी देवी ने मीडिया को बताया कि,उनका पुत्र रंजीत मौर्य 19 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे सतीपुर चौराहे पर सब्जी लेने गया था। आरोप है कि वहां उसके परिचित सोनू और सैटेलाइट चौकी प्रभारी के बीच कहासुनी हो रही थी। रंजीत ने बीच-बचाव करते हुए पुलिस से गाली-गलौज न करने को कहा, जिस पर चौकी प्रभारी उसे जबरन चौकी ले गए।
परिजनों का थर्ड डिग्री का आरोप
महिला का आरोप है कि चौकी पर रंजीत के साथ मारपीट की गई और थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद उसे थाना बारादरी लाकर हवालात में बंद कर दिया गया और स्मैक तस्करी के आरोप में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। प्रार्थिनी का कहना है कि उसका पुत्र निर्दोष है, उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और उसे रंजिशन फंसाया गया है। वर्तमान में रंजीत जिला कारागार में निरुद्ध है, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चौकी से जेल तक युवक की पिटाई का आरोप
महिला ने इस मामले को गंभीर बताते हुए एसएसपी से उच्च स्तरीय जांच कर दोषी चौकी इंचार्ज और संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित परिवार ने शिकायत की प्रतिलिपि डिप्टी सीएम,राज्य मानवाधिकार आयोग, पुलिस महानिदेशक व पुलिस महानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र को भी भेजी है।
