बरेली: शादी की खुशियों के बीच हर्ष फायरिंग का तांडव… और एक मासूम बराती की मौत! बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी में रविवार रात आई एक बरात में हुई फायरिंग से युवक की जान चली गई। हादसे के बाद खुशियों भरा माहौल चीख-पुकार में बदल गया। बताया जाता है कि अबरार उर्फ मंगली की बेटी की बरात सुभाषनगर थाने की मढ़ीनाथ चौकी क्षेत्र के गांव सिठौरा से आई थी, जैसे ही बराती बस से उतर रहे थे, कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली सड़क के दूसरी ओर खड़े बराती रिजवान के माथे में आ लगी।
इलाज को लाते समय रास्ते में तोड़ दम
गोली लगने के बाद लहूलुहान होकर रिजवान मौके पर ही गिर पड़ा। देखते ही देखते बरात में अफरा-तफरी मच गई, महिलाएं और बच्चे चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे। हादसे के बाद गोली चलाने वाले सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बरात में मौजूद लोग सदमे में थे और किसी को समझ नहीं आ रहा था कि कुछ ही मिनटों में खुशियां मातम में कैसे बदल गईं।
पुलिस पहुंची, घायल को बरेली रेफ़र किया, पर बचाया न जा सका
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल घायल को अस्पताल भेजा, जहां से उसे बरेली रेफ़र किया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान रिजवान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है।हालांकि फिलहाल किसी आरोपी का सुराग नहीं मिला है। इंस्पेक्टर ने पुष्टि की “यह मामला हर्ष फायरिंग का है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी होगी।”
दुल्हन के घर मातम, गमगीन माहौल में चढ़ी बरात
रिजवान की मौत की खबर के बाद दुल्हन पक्ष सदमे में आ गया। पुलिस की मौजूदगी में गमगीन माहौल के बीच बरात की रस्में कराई गईं, लेकिन पूरे गांव में सिर्फ एक ही सवाल आखिर हर्ष फायरिंग में कितनी और जानें जाएंगी?
