बरेली : रविवार शाम शहर के लोकप्रिय Runway Backwood Restaurant में अचानक लगी आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बांस से बनी झोपड़ी में उठती तेज लपटें देखकर अंदर खाना खा रहे लोग थालियाँ लेकर ही बाहर भाग पड़े। कुछ ही मिनटों में सड़क तक अफरा–तफरी और भगदड़ जैसा माहौल बन गया।
4:15 बजे उठने लगा घना धुआँ, चंद मिनटों में झोपड़ी राख
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 4:15 बजे रेस्टोरेंट के पिछले हिस्से से काला धुआँ उठता दिखा। आग इतनी तेजी से फैली कि बांस और लकड़ी की झोंपड़ी कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिर गई। परिवार बच्चों को लेकर दौड़े। इसके साथ ही कुछ लोग अपनी प्लेटें तक उठाकर बाहर निकलते दिखे। पार्किंग और सड़क पर अफरा- तफरी फैल गई।।एक ग्राहक के मुताबिक-“लपटें इतनी तेज थीं कि हम समझ ही नहीं पाए कि भागें किधर… बस जान बचाने की कोशिश की!”
दमकल की 3 गाड़ियाँ पहुंचीं, डेढ़ घंटे में काबू
सूचना मिलते ही सिविल लाइंस फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। टीम ने तुरंत हौजलाइन बिछाई और रेस्टोरेंट की मुख्य झोपड़ी में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। करीब 1.5 घंटे की कठिन मशक्कत के बाद आग नियंत्रित कर ली गई। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि “टीम की तेज कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट का अंदेशा है, लेकिन स्पष्ट कारण रिपोर्ट के बाद सामने आएगा।”रेस्टोरेंट की अंदरूनी फर्नीचर, सजावट और स्ट्रक्चर का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया है।
