बरेली : सोशल मीडिया पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट डालना अब जानलेवा साबित नहीं हो रहा। क्योंकि, मेटा (Meta) की अलर्ट सिस्टम ने पुलिस को तुरंत सक्रिय कर दिया है। बरेली पुलिस ने इस साल अब तक 12 लोगों की जान बचाई है। साइबर थाना प्रभारी नीरज सिंह के मुताबिक, जैसे ही कोई फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट करता है, मेटा की ओर से अलर्ट दिल्ली साइबर क्राइम मुख्यालय को भेजा जाता है। वहां से यह सूचना प्रदेश और फिर संबंधित जिले की पुलिस तक पहुंचती है। इसके बाद यूपी 112 और लोकल थाने की टीम तुरंत लोकेशन ट्रेस कर मौके पर पहुंचती है और लोगों की जान बचाई जाती है।
सीबीगंज में छात्रा की जान बची
सीबीगंज क्षेत्र की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा ने प्रेमी की बेरुखी से तंग आकर सल्फास की गोलियां खाते हुए इंस्टाग्राम पर लाइव पोस्ट डाली। मेटा अलर्ट से बरेली पुलिस ने लोकेशन निकाली, और मात्र 16 मिनट में घर पहुंचकर छात्रा को अस्पताल ले गई। timely इलाज से उसकी जान बच गई।
गुड बाय जिंदगी लिखकर डाला फंदा
शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने “गुड बाय जिंदगी” लिखकर फंदा डालते हुए फेसबुक पर वीडियो पोस्ट किया। पुलिस ने अलर्ट पर पहुंचकर उसे सुरक्षित पाया और काउंसलिंग की। पिछले 9 महीनों में मेटा अलर्ट से बरेली पुलिस ने 12 बार तुरंत कार्रवाई कर लोगों को आत्महत्या से रोका है।
SSP अनुराग आर्य का बयान
एसएसपी ने कहा कि मेटा अलर्ट पुलिस के लिए जीवन रक्षक साबित हो रहा है। समय रहते सूचना मिलने से न केवल लोगों की जान बची है, बल्कि उनकी काउंसलिंग भी कराई जा रही है ताकि वे दोबारा ऐसा कदम न उठाएं।
