रामपुर/बरेली: यूपी के रामपुर जिले में तैनात सहायक आयुक्त राज्य कर विभाग सतीश कुमार को बुधवार को विजिलेंस बरेली टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने के लिए एक व्यक्ति से 25 हजार रुपये की मांग की थी।
ऐसे हुई रिश्वत की डील
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति ने अपनी पत्नी के नाम से फर्म खोलने के लिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन का आवेदन सतीश कुमार के पास जमा किया था। इस पर आरोपी अधिकारी ने 25,000 की रिश्वत मांगी। दोनों के बीच पहली किस्त में 15,000 और दूसरी किस्त में 10,000 देने का सौदा तय हुआ।
शिकायत और गिरफ्तारी
पीड़ित ने इसकी शिकायत एसपी विजिलेंस बरेली सेक्टर से की। जांच के बाद शिकायत सही पाई गई। बुधवार को विजिलेंस टीम ने रामपुर स्थित राज्य कर अधिकारी कार्यालय में छापेमारी कर सतीश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
