6 साल बाद एडीजे कोर्ट से आया बड़ा फैसला, सिर पर भारी वस्तु से किया था हमला, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी को पकड़ा
बरेली: यूपी के बरेली शहर के चर्चित सत्संगी दंपत्ति हत्याकांड में कोर्ट ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाया है। शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की गुलमोहर पार्क कॉलोनी में हुए इस डबल मर्डर केस में एडीजे तबरेज अहमद ने आरोपी अनुराग उर्फ अन्नू भागवानी को अदालत ने आजीवन कारावास (Life Imprisonment) और 10.70 लाख का अर्थदंड देने का आदेश दिया है। अर्थदंड न देने की स्थिति में उसे एक साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। इस मामले में मृतक नीरज सत्संगी , और उनकी पत्नी रूपा सत्संगी की ओर से शासकीय अधिवक्ता राजेश्वरी गंगवार, और अभियुक्त अनुराग उर्फ अन्नू की ओर से अनिल द्विवेदी ने पैरवी की थी। मगर, साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
बेटे की तहरीर पर मुकदमा
देखें वीडियो
https://youtu.be/cEV19hxuwc0?si=t3YafhsCOnJud752
इस मामले में पुलिस ने मृतक दंपति के बेटे जतिन सत्संगी की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। पीड़ित की दी गई तहरीर में बताया गया था कि 24 जुलाई, 2019 को विनोद कुमार सैनी ने मोबाइल नंबर 893700311 से माता-पिता के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी। यह सूचना मिलते ही वह हरियाणा के गुड़गांव से चलकर बरेली पहुंचा, तब तक माता-पिता की मौत हो चुकी थी। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखे हुए थे। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ भारी ठोस वस्तु से प्रहार कर हत्या करने का मुकदमा 25 जुलाई को दर्ज कराया गया। इसके बाद प्रेम नगर कोतवाली के इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने अपराध संख्या 269/19 में धारा 302, 452, 394 और 411 में जांच पड़ताल की। कई संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की गई। मगर, असली आरोपी सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से अनुराग उर्फ अनु निवासी 435 से राजेंद्र नगर को गिरफ्तार किया। आरोपी पर लूटपाट के इरादे से हत्या करने की बात सामने आई थी।
मृतका बैंक ऑफ़ इंडिया के रीजनल ऑफिस में असिस्टेंट मैनेजर
इस हत्याकांड की मृतका रूपा सत्संगी बैंक ऑफ़ इंडिया के रीजनल ऑफिस में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी, जबकि उनके पति नीरज सत्संगी लंबे समय से बीमार थे। उनका घर में ही इलाज चल रहा था।
डीआईजी ने किया था हत्याकांड का खुलासा
हत्याकांड के बाद पुलिस पर भी तमाम सवाल उठे थे। जांच पड़ताल में आरोपी की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज से संभव हो सकी। हत्या के बाद अनुराग छत से कूदकर भागा और उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। इसके बावजूद वह दिल्ली और आगरा होते हुए फिर से बरेली लौटा। यहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से दंपत्ति का पर्स, मोबाइल, बैंक पासबुक और नकदी बरामद की थी।
पुलिस टीम को इनाम
डीआईजी ने इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम को 50,000 डीआईजी और 25,000 एसएसपी की तरफ से इनाम देने की घोषणा की थी।
