बरेली: बहेड़ी कस्बे के इस्लाम नगर इलाके में मिलन मैरिज हॉल के सामने खड़ी तीन कारों में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक वाहन से धुआं उठने के बाद आग तेजी से फैल गई और पास में खड़ी अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
दमकल की टीम ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन स्थिति को जल्द ही संभाल लिया गया।
क्या बोली पुलिस?
पुलिस के अनुसार, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।
