प्रेमी की दुकान पर युवती ने पीया जहर, हालत नाजुक, जांच ने जुटी पुलिस
बरेली : दहेज की मांग से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी की दुकान पर पहुंचकर जहरीला पदार्थ पी लिया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है, और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिशों में जुटे हैं।
दहेज की मांग के बाद टूटा रिश्ता
पुलिस के अनुसार, युवती के प्रेम संबंध इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बिहार कला निवासी युवक से थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और परिवारों की सहमति से शादी की तैयारी भी चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने शादी के बदले दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसने शादी से इनकार कर दिया, जिससे युवती गहरे मानसिक तनाव में चली गई।
प्रेमी की दुकान पर उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि दहेज और शादी से मुकरने की बात से आहत युवती कुतुबखाना स्थित युवक की जनरल स्टोर की दुकान पर पहुंची और वहीं जहरीला पदार्थ पी लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई, जिससे दुकान पर मौजूद लोगों में अफरा- तफरी मच गई।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवती को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवती के बयान और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
