सहारनपुर : शाकंभरी देवी रूट पर शनिवार शाम करीब 5 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बेहट थाना क्षेत्र में जसमोर बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करीब 13 फीट लंबी कार पिचककर लगभग 8 फीट की रह गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी लोग शाकंभरी देवी के दर्शन कर लौट रहे थे और बेहट की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिस कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
हादसे के बाद कार में बैठे लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के फतेहपुर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और हाईवे पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने कार के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस के जरिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली बेहट इंस्पेक्टर सूबे सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार की जांच की तो पाया गया कि हादसे के दौरान कार के एयरबैग नहीं खुले थे। आशंका जताई जा रही है कि कार सवारों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिस कारण एयरबैग एक्टिव नहीं हो पाए। पुलिस का कहना है कि यदि एयरबैग खुले होते तो जानमाल का नुकसान कम हो सकता था। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर की लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।