बरेली : शहर के बड़ा बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मगर,मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन बताया जा रहा है कि मृतकों में कुछ अटा कायस्थान के बताए जा रहे हैं।
3 लोगों की मौत की पुष्टि, लेकिन कई घायल
इस हादसे में 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, चार लोगों की मौत की चर्चा है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फंसे युवक को सुरक्षित निकाला
हादसे के बाद बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और एक युवक अंदर फंस गया था। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कटर और अन्य उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिसका उपचार चल रहा है।
तेज रफ्तार बनी वजह, पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने The Justice Hindi को बताया कि 3 मौतों की पुष्टि हो चुकी है,और सभी घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। ट्रैफिक सुचारू करा दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
