SSP के निर्देश पर सुबह 5 बजे से चला अभियान, 98 जगह नियमों का मिला उल्लंघन
बरेली : यूपी के बरेली जिले में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए बरेली पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सुबह 5 बजे से 7 बजे तक पूरे जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसका मकसद लाउडस्पीकर के अनियंत्रित इस्तेमाल को रोकना और आमजन को राहत देना था। पुलिस को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 892 स्थानों पर चेकिंग की गई। जिसमें 98 जगह नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन मामलों में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी दी। इसके अलावा 389 स्थानों पर लाउडस्पीकर की आवाज मानकों के अनुसार कम कराई गई, जबकि 193 जगह अनुमति और दस्तावेजों की जांच की गई। सबसे बड़ी कार्रवाई में 95 लाउडस्पीकर पूरी तरह उतरवाए गए, क्योंकि वे नियमों के खिलाफ लगाए गए थे।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

पुलिस ने इस दौरान लोगों को जागरूक भी किया और बताया कि ध्वनि प्रदूषण न केवल असुविधा पैदा करता है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल सकता है। इसलिए सभी को निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
