बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल में सोमवार देर रात ICU के बाहर सो रही एक युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। आरोप अस्पताल के ही एक सुरक्षा गार्ड पर लगा है। पीड़िता की तहरीर पर बारादरी थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती अपने परिजनों के साथ अस्पताल में भर्ती एक मरीज की देखभाल के लिए आई थी। देर रात वह ICU के सामने हाल में परिवार के साथ सो रही थी। आरोप है कि रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच युवती को अहसास हुआ कि कोई उसके साथ अशोभनीय हरकत कर रहा है। आंख खुलने पर उसने देखा कि अस्पताल का सुरक्षा गार्ड अमर उसके बेहद करीब बैठा है और उससे छेड़छाड़ कर रहा है।
शोर मचाने पर भागा, फिर मांगने लगा माफी
युवती के शोर मचाते ही आरोपी गार्ड वहां से भागकर ICU की ओर चला गया। कुछ देर बाद वह कथित रूप से अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने लगा। लेकिन तब तक अस्पताल परिसर में हड़कंप मच चुका था। पीड़िता ने तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। युवती ने CCTV फुटेज की जांच की मांग की है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
शहर की बारादरी थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद अस्पतालों में तीमारदारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां मरीज जिंदगी और मौत से जूझ रहे हों, वहां उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है। हालांकि,अस्पताल के मालिक ने मीडिया को कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और आंतरिक जांच कराई जा रही है। यदि किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
