दिल्ली से बरेली लौट रहे युवक की हालत गंभीर, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की जांच
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। मीरगंज थाना क्षेत्र के सिंधौली चौराहा पर तेज रफ्तार ट्रक ने दिल्ली से लौट रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानें कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार हादसा मीरगंज थाना क्षेत्र में स्थित सिंधौली चौराहे के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक पास की एक चीनी मिल में गन्ना डालकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान चौराहे के पास सामने से आ रही कार को उसने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
राहगीरों की मदद से घायल को बाहर निकाला
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल युवक को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली से बरेली लौट रहा था।
ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
