27 राज्यों की टीमें मैदान में, 3 अप्रैल तक चलेगा रोमांचक मुकाबलों का महाकुंभ
बरेली : यूपी के बरेली में एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर चमक उठा है। फ्यूचर विश्वविद्यालय परिसर में 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जिसमें देशभर से आई महिला खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।उद्घाटन समारोह में डीएम अविनाश सिंह और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने हैंडबॉल को गोलपोस्ट में डालकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाड़ियों से परिचय लेकर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन भी सिखाता
डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। वहीं विधायक संजीव अग्रवाल ने इस।आयोजन को बरेली के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता ने बताया कि बरेली में राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता का यह तीसरा सफल आयोजन है।
बरेली में राष्ट्रीय खेलों की हैट्रिक
इससे पहले 2021 में सीनियर और 2023 में जूनियर चैंपियनशिप आयोजित की जा चुकी है।।जिससे शहर ने राष्ट्रीय खेल आयोजनों की ‘हैट्रिक’ पूरी कर ली है। यह प्रतियोगिता 30 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है, जिसमें करीब 27 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा और चिकित्सा जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं दर्शकों के लिए भी बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
