जांच समिति की रिपोर्ट आई सामने, डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
बरेली : नगर पालिका बहेड़ी क्षेत्र स्थित धोबी तालाब की जमीन पर कथित कब्जे के प्रयास का मामला अब जांच के बाद साफ हो गया है। त्रिसदस्यीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि तालाब की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा गलत तरीके से बैनामा कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी, जो पूरी तरह अवैध है।
तालाब की जमीन पर कब्जे की साजिश उजागर
यह मामला 20 सितंबर 2025 को तहसील दिवस में सामने आया था, जब नगर पालिका बहेड़ी के सभासदों ने शिकायत की थी कि कुछ भू-माफिया तालाब के आगे के हिस्से को फर्जी बैनामे के जरिए हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें स्थानीय अधिकारियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई गई थी।
जांच में क्या आया सामने
डीएम अविनाश सिंह के निर्देश परगठित जांच समिति अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उप जिलाधिकारी आंवला और तहसीलदार सदर ने स्थलीय और अभिलेखीय जांच की। रिपोर्ट के अनुसार गाटा संख्या 234 (0.986 हेक्टेयर) भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। कुछ हिस्सों में अन्य व्यक्तियों के नाम दर्ज जरूर हैं, लेकिन मौके पर उनका कोई कब्जा नहीं मिला। विवादित जमीन जलमग्न और खाली पाई गई।
सड़क किनारे जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश
जांच में यह भी सामने आया कि तालाब से सटी सड़क के पास त्रिभुजाकार भूमि (गाटा संख्या 462) पर कुछ लोग अन्य गाटा (355 व 356) के बैनामे के आधार पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।
डीएम ने दिए सख्त निर्देश
जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बहेड़ी और अधिशासी अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई की जाए और तालाब की जमीन को कब्जा मुक्त रखा जाए।
प्रशासन सख्त, भू-माफियाओं पर कार्रवाई तय
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है।अधिकारियों का कहना है कि सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जे की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
