42 हजार से ज्यादा गैस सिलेंडर उपलब्ध, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, 892 शिकायतों का निस्तारण
बरेली : यूपी के बरेली में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की कमी की आशंका को जिला प्रशासन ने खारिज कर दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं और ईंधन की कोई कमी नहीं है।
बरेली में 91 गैस एजेंसिया संचालित
उन्होंने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम की कुल 91 गैस एजेंसियां संचालित हैं। 29 मार्च 2026 की शाम तक जनपद में 42,836 एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध था, जबकि अतिरिक्त भरे हुए सिलेंडरों की गाड़ियां लगातार ट्रांजिट में हैं। वहीं पेट्रोल -डीजल की स्थिति भी सामान्य बनी हुई है। जिले के 193 पेट्रोल पंपों पर करीब 45,801 किलोलीटर पेट्रोल और 32,894 किलोलीटर डीजल उपलब्ध है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि अस्पतालों, छात्रावासों, आश्रमों, अटल आवासीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, जिला जेल, पुलिस लाइंस और सीआरपीएफ कैंप जैसे सभी आवश्यक सेवाओं को नियमित रूप से गैस आपूर्ति मिल रही है।
कालाबजारी पर सख्ती
डीएम के निर्देश पर तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों की टीमें पूर्ति विभाग के साथ मिलकर फील्ड में निगरानी कर रही हैं। कालाबाजारी पर सख्ती दिखाते हुए प्रशासन ने हाल के दिनों में तीन एफआईआर भी दर्ज कराई हैं। हेल्पलाइन पर आई 892 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, जिले में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।
