मृतकों के परिवार में मचा कोहराम, गैस सिलेंडर लीक से टला बड़ा हादसा
बरेली : यूपी के बरेली से आज की 3 बेहद दर्दनाक खबरें हैं। यहां एक तरफ सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, तो वहीं दूसरी तरफ गैस सिलेंडर लीक ने एक और परिवार को झकझोर दिया है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। इसके साथ ही हादसों की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, दो साथी जिंदगी और मौत के बीच

बरेली देहात के थाना शाही क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान सूरजपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजनों के मुताबिक, सूरजपाल मीरगंज से ट्रैक्टर लेकर अपने साथियों तेजपाल और धर्मदास के साथ गांव लालपुर लौट रहे थे। तभी सिधौली पुलिया के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरजपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक की पत्नी राममूर्ति का रो-रोकर बुरा हाल है। सूरजपाल अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस अब अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
डंपर की रफ्तार बनी मौत, 22 साल के खिलाड़ी की जिंदगी खत्म

मृतक विपुल की फोटो
शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में भी एक और दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 22 वर्षीय विपुल कुमार की डंपर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि विपुल अपने दोस्त नितिन से फिनिक्स मॉल में मिलने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। तभी सफल स्पाइस बार के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में विपुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। विपुल बास्केटबॉल का खिलाड़ी था, और उसी दिन उसे एक टूर्नामेंट में भाग लेना था…लेकिन उससे पहले ही जिंदगी ने साथ छोड़ दिया। मां गीता का रो-रोकर बुरा हाल है। विपुल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
गैस सिलेंडर लीक से बड़ा हादसा टला, बुजुर्ग महिला झुलसी
शहर के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के बालाजी बिहार में सोमवार शाम गैस सिलेंडर लीक होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। 54 वर्षीय प्रेमवती चाय बना रही थीं, तभी अचानक गैस लीक होने से आग भड़क उठी और उनके कपड़ों में आग लग गई। उनकी चीख सुनकर बेटा शिवकुमार मौके पर पहुंचा और मां को बचाने की कोशिश की, जिसमें वह खुद भी हल्का झुलस गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
