मामूली विवाद बना खौफनाक वारदात, अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया छात्र
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में नाबालिक दोस्तों की दोस्ती ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक मामूली कहासुनी ने 17 वर्षीय छात्र की जान ले ली। इंटर के छात्र शिवा पटेल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इस मामले में इज्जतनगर थाना प्रभारी ने “The Justice Hindi” को बताया कि मृतक और आरोपी दोस्त हैं। इन्होंने पहले शिवा पटेल को बुलाया। इसके बाद चाकू से हमला कर दिया। जिसके चलते गंभीर हालत में इलाज को भर्ती कराया गया था। उसकी मौत हो गई। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घर से बुलाकर रची गई साजिश
जानकारी के मुताबिक, सैनिक कॉलोनी निवासी शिवा पटेल को उसके दोस्त मानव राजपूत ने शुक्रवार शाम घर से बुलाया। वह उसे संजयनगर के चार खंभा इलाके में ले गया। यहां पहले से ही कई युवक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
घेरकर चाकुओं से किए ताबड़तोड़ वार
आरोप है कि गौरव, कृष्णा, पारस, रचित समेत अन्य युवकों ने शिवा को घेर लिया और पहले बेरहमी से मारपीट की, फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और शिवा को लहूलुहान हालत में छोड़ दिया
अस्पताल में ऑपरेशन, लेकिन नहीं बच सकी जान
गंभीर हालत में परिजन शिवा को निजी अस्पताल ले गए, यहां डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन किया। लेकिन हालत नाजुक बनी रही और शनिवार सुबह करीब 4 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिवार में मचा कोहराम, इलाके में दहशत
शिवा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।माता -पिता और परिजनों का रो -रोकर बुरा हाल है। वहीं सैनिक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में
भय और सन्नाटा पसरा हुआ है।
5 नामजद समेत 8 पर केस, 2 हिरासत में
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर 5 नामजद समेत 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का दावा-जल्द होंगे सभी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
