दिल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि यह विमान विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहा था, तभी उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की आशंका उत्पन्न हो गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस के इस विमान में इंजन फेल होने जैसी स्थिति बन गई थी, जिसके बाद तुरंत एहतियात के तौर पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया। सुबह 10 बजकर 53 मिनट पर दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते विमान को सुरक्षित रूप से आईजीआई एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस दौरान किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इंजन में आई खराबी की असल वजह क्या थी। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए हलचल जरूर बढ़ गई, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
