टूटते रिश्तों का दर्दनाक अंत, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
बरेली : यूपी के बरेली के महेशपुरा क्रासिंग के पास शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां पारिवारिक विवाद से आहत 30 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिवार में चीख -पुकार गूंज उठी।
7 साल पुरानी शादी, धीरे-धीरे बढ़ते गए विवाद
मृतक रामविलास, सिरौली थान क्षेत्र के खुर्द नवाबपुरा गांव निवासी धनीराम का बेटा था। उसकी शादी करीब 7 साल पहले प्रियंका से हुई थी और उनके दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे परिवार बिखरने की कगार पर पहुंच गया।
मायके चली गई पत्नी, पंचायत भी रही बेअसर
परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर पत्नी प्रियंका मायके चली गई थी। मामले को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी हुई, रिश्तेदारों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन हर बार समाधान नहीं निकल सका।
पत्नी को मनाने गया, लेकिन मिला इंकार
गुरुवार को रामविलास पत्नी को मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था।उसने काफी कोशिश की, लेकिन प्रियंका ने साथ चलने से साफ इंकार कर दिया। दोनों के बीच कहासुनी भी हुई, जिसके बाद वह बेहद आहत हो गया।
ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
पत्नी के इंकार से टूट चुके रामविलास सीधे रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और महेशपुरा क्रासिंग के पास तेज रफ्तार ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
परिवार में कोहराम, बेटियां हुई बेसहारा
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दो मासूम बेटियां हमेशा के लिए पिता के साए से महरूम हो गईं।
जांच में जुटी पुलिस
मामले में जीआरपी के इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
