485 बेटियाँ हुईं विदा, एक मंच पर 349 फेरे, 136 निकाह
बरेली : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बरेली में बुधवार को एक भव्य और भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब 485 गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पीले हुए और पूरे मैदान में शहनाइयों की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम बरेली कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों व नगर निकायों के जोड़ों ने हिस्सा लिया।
349 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 136 जोड़ों का निकाह
विवाह कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों ने एक मंच पर विवाह संस्कार पूरे किए। इसमें 349 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नवजीवन की शुरुआत की। 136 जोड़ों का काजी के द्वारा निकाह पढ़वाया गया। यह आयोजन न सिर्फ सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है बल्कि प्रदेश सरकार की सामूहिक विवाह योजना की सफलता का बड़ा उदाहरण भी है।
विवाह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिनमें जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक कैंट संजय अग्रवाल,विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा,भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह,ब्लॉक प्रमुख व कई समाजसेवी और अधिकारी शामिल थे। इन सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
हर जोड़े को मिले 24 उपहार,घर बसाने की पूरी तैयारी
सरकार की ओर से विवाह करने वाले प्रत्येक जोड़े को जीवन की नई शुरुआत के लिए 24 जरूरी सामान दिए गए। इनमें शामिल थे। इसमें साड़ी, पायल, बिछिया, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, ट्रॉली बैग, प्रेस, गद्दे, तकिये, डबल बेडशीट, और वर के कपड़े आदि। इसके साथ ही बरातियों और परिजनों के भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई।
सरकार की प्राथमिक योजना, तैयारियां कई महीनों से जारी
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय समिति ने कई महीनों से तैयारी की थी। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित टीम ने बारातियों के स्वागत,भोजन, उपहार वितरण किए। मंच और रस्मों के प्रबंधन जैसे सभी बिंदुओं पर खास ध्यान दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की यह पहल बेटियों के सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। विधायक बिथरी चैनपुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हर घर को अपना घर समझकर योजनाएँ चला रहे हैं। विधायक कैंट ने इसे “पुण्य और शुभ कार्य” बताते हुए सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
