बरेली: समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत 27 और 28 नवंबर को PM Shri राजकीय इंटर कॉलेज बरेली में दो दिवसीय कैरियर गाइडेंस ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि मुन्ने अली, अपर सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद/मंडलीय उप शिक्षा निदेशक, और डॉ. अजीत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक बरेली ने दीप जलाकर की। इस मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश राय, जिला समन्वयक वीरेंद्र गंगवार, जनपदीय मास्टर ट्रेनर और जिले के 60 राजकीय स्कूलों के प्रधानाचार्य और नोडल शिक्षक मौजूद रहे।
ट्रेनिंग के दौरान क्या-क्या सिखाया गया

पहले दिन CII टेस्ट और तमन्ना अभिक्षमता टेस्ट के बारे में विस्तार से बताया गया। स्कूलों में कैरियर गाइडेंस लागू करने में आने वाली दिक्कतों और शिक्षकों के अनुभवों पर भी चर्चा हुई। साथ ही प्रभावी संचार की बैलून एक्टिविटी, जीवन कौशल, माई पासपोर्ट टू अर्निंग पोर्टल और पंख पोर्टल को स्कूलों में कैसे लागू किया जाए, इस पर भी ट्रेनिंग दी गई। कई केस स्टडी के जरिए यह भी समझाया गया कि स्कूलों में आने वाली समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए।
अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह

प्रशिक्षण के दौरान पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज त्यारजागीर के प्रधानाचार्य डॉ. अवनीश यादव ने सभी प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। दोनों दिनों में शिक्षकों ने एक्टिविटी और विभिन्न सेशंस के माध्यम से कैरियर गाइडेंस के बेहतर तरीकों को सीखा।
प्रमाण पत्र वितरण और आगे की अपील

अंत में संयुक्त शिक्षा निदेशक बरेली मंडल राकेश कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने सभी प्रतिभागी प्रधानाचार्यों और नोडल शिक्षकों को प्रमाण पत्र सौंपे। अधिकारियों ने अपील की कि शिक्षक अपने स्कूलों में इस ट्रेनिंग के अनुसार गतिविधियां लागू करें, ताकि बच्चों को सही मार्गदर्शन मिल सके।
