दुर्गापूजा और दशहरा पर प्रशासन अलर्ट, पंडालों और शोभायात्रा मार्गों की सुरक्षा प्लान फाइनल
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक बूथ-पिंक टॉयलेट की व्यवस्था
बरेली : यूपी के बरेली में आने वाले पर्व–दुर्गापूजा, रामलीला और दशहरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने पूरी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने अधिकारियों की बैठक कर सुरक्षा इंतज़ामों का जायजा लिया और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस
बैठक में तय किया गया कि दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला मंचों पर हर हाल में सुरक्षा कड़ी होनी चाहिए। रात में विशेष निगरानी, CCTV मॉनिटरिंग और वालंटियर की मदद ली जाएगी। मूर्ति विसर्जन और शोभायात्रा मार्गों का रूट चेक अनिवार्य है, जहां जरूरत होगी वहां सफाई और लाइटिंग की अग्रिम व्यवस्था कराई जाएगी।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
डीएम ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर किसी तरह की अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने दूसरे जिलों से आने वाली अवैध शराब और नकली दवाओं पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
महिलाओं की सुविधा पर जोर
22 सितंबर से नवरात्र और उसी दिन से मिशन शक्ति का पांचवां चरण शुरू होगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक बूथ और पिंक टॉयलेट की विशेष व्यवस्था की जाए।
एसएसपी का सुरक्षा रोडमैप
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि प्रतिमा स्थापना स्थलों पर फायर सेफ्टी, पानी और रेत की व्यवस्था अनिवार्य होगी। दशहरे पर रावण दहन के दौरान पटाखे इस तरह लगाए जाएं कि वे सीधे ऊपर की ओर फटें, ताकि कोई हादसा न हो।
जिम्मेदारियों का बंटवारा
बैठक में नगर निगम, पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साफ हिदायत दी गई कि त्योहारों के दौरान किसी भी हाल में शांति व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।
