एसपी चीफ अखिलेश पर तंज, बोले- विकास में हस्तक्षेप नहीं, ‘सबका साथ-सबका विकास’ से आगे बढ़ रहा प्रदेश
बरेली : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार को बरेली में पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में प्रदेश की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और विपक्ष के आरोपों पर विस्तार से अपनी बात रखी। डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद सबसे बड़ी चुनौती बिगड़ी कानून व्यवस्था और कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करना था। बिजली, पानी, सड़क, स्कूल और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता में रखा गया। उनका दावा था कि 2017 के बाद से प्रदेश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देशन में यूपी बना विकसित राज्य
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और राज्य की वित्तीय स्थिति में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो प्रदेश कभी ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, वह अब रेवेन्यू सरप्लस की स्थिति में है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था और मजबूत बुनियादी ढांचे के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए आकर्षक केंद्र बना है। आईटी और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश बढ़ा है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री स्तर पर देश-विदेश में निवेश आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना
डीएम सीएम ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार विकास कार्यों में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करती और उसकी प्राथमिकता केवल प्रदेश का विकास है। डिप्टी सीएम ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाने की दिशा में काम जारी है।
