मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी बोले- रैंकिंग सुधारे जनपद, अनुपस्थित चिकित्सकों से तुरंत संपर्क करें
बरेली : बरेली मंडल में विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति को लेकर मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, राजस्व और जनशिकायतों सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

सीएम डैशबोर्ड और योजनाओं की समीक्षा
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी जनपद अपनी रैंकिंग बनाए रखें ताकि मंडल की स्थिति प्रभावित न हो। डिजिटल क्रॉप सर्वे शत-प्रतिशत पूर्ण होने की जानकारी दी गई। पीएम कुसुम योजना में बरेली में लक्ष्य पूरा हो चुका है, जबकि बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर को 28 फरवरी तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग पर सख्ती
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण में पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से अनुपस्थित चिकित्सकों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बताया गया कि बरेली में 20, बदायूं में 9, पीलीभीत में 9 और शाहजहांपुर में 5 डॉक्टर अनुपस्थित हैं। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि उनसे तत्काल संपर्क किया जाए, अन्यथा सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाए ताकि रिक्त पदों की सूचना शासन को भेजी जा सके।

राजस्व, उद्योग और शिकायत निस्तारण पर फोकस
ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा रोजगार अभियान और प्रधानमंत्री श्रम सम्मान योजना की समीक्षा में बरेली और शाहजहांपुर के टॉप टेन में होने की जानकारी दी गई। राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन की जांच, परिवहन व विद्युत वसूली में सुधार के निर्देश दिए गए। आईजीआरएस की समीक्षा में कुछ विभागों को सी ग्रेडिंग मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए।मंडलायुक्त ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें और शिकायतकर्ता को निस्तारण की प्रति अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। बैठक में डीएम अविनाश सिंह, अवनीश राय, और धर्मेंद्र प्रताप सिंह समेत मंडल स्तरीय अफसर मौजूद थे।
