एसपी चीफ बोले- पीडीए दिवस’ नई शुरुआत, कांशीराम के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराना जरूरी है। क्योंकि “भाजपा को हराना मतलब यूपी को बचाना” है।
गुरुवार को लखनऊ पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध और कमीशनखोरी चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग को अपमानित कर रही है और सामाजिक अन्याय व नफरत की राजनीति कर रही है।

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सतर्क रहने की अपील
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सतर्क और सजग रहने का आह्वान किया।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एसआईआर प्रक्रिया के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है और पीडीए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जुड़वाने में मदद करें और मतदाता सूची पर नजर रखें।

किसान और अर्थव्यवस्था पर सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को नुकसान होगा और देश की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है, जिससे गरीब और गरीब होता जा रहा है।

सपा सरकार के कामों का किया जिक्र
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार ने छात्रों को लैपटॉप देकर तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दिया था। उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनने पर किसान को फसल का उचित मूल्य, बेरोजगारी पर नियंत्रण और ‘दाम बांधो नीति’ लागू की जाएगी। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, और विधायक त्रिभुवन दत्त सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

सामाजिक न्याय की नई शुरुआत है ‘पीडीए दिवस’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘पीडीए दिवस’ को नई शुरुआत बताते हुए कहा कि यह दिन पीडीए समाज के उन महान व्यक्तियों को समर्पित है। जिन्होंने पीड़ितों, वंचितों और अपमानित वर्ग के सम्मान व बराबरी के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि मान्यवर काशीराम सहित कई महापुरुषों के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प पुनर्जीवित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘जो पीड़ित है, वही पीडीए है’ और ऐतिहासिक उपेक्षा से जुड़े सभी वर्ग एक सूत्र में बंधे हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विभाजनकारी ताकतें समाज को बांटकर सत्ता बनाए रखना चाहती हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी सम्मान, बराबरी और सामाजिक न्याय की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है।
