बरेली : यूपी के बरेली देहात के थाना मीरगंज क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे एक टेंपो ने पहले बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी और फिर एक अन्य युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल भिजवाकर उपचार शुरू कराया।
रॉन्ग साइड ड्राइविंग बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार आनंद स्वरूप निवासी कस्बा मिलक, जनपद रामपुर, अपने टेंपो संख्या यूपी-22 सीटी-1061 को कथित रूप से लापरवाही और रॉन्ग साइड से चला रहा था। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही टेंपो ने सामने से आ रही बाइक संख्या यूके-16 एफ-9893 को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार सतपाल और उनकी पत्नी निवासी शाहजहांपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद एक और युवक आया चपेट में
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक को टक्कर मारने के बाद टेंपो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित टेंपो ने मीरगंज से मिलक की ओर जा रहे हरिशंकर निवासी ग्राम मांडवा बंशीपुर, थाना शाही को भी टक्कर मार दी। हादसे में हरिशंकर भी घायल हो गया।दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
