बरेली : आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब बरेली और आसपास के जिलों के लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बरेली में अपने पहले आधुनिक आधार सेवा केंद्र का संचालन शुरू कर दिया है। शहर के राजेंद्र नगर स्थित गुलमोहर पार्क के पास स्थापित यह केंद्र आधार से संबंधित सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करा रहा है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, यह आधार सेवा केंद्र डी-115 ए, गुलमोहर पार्क, संकल्प हॉस्पिटल के निकट, के.के. हॉस्पिटल रोड, राजेंद्र नगर में संचालित किया जा रहा है। केंद्र शुरू होने से बरेलीवासियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि अब उन्हें आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए अलग -अलग केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नए आधार से लेकर बायोमेट्रिक अपडेट तक सभी सुविधाएं
केंद्र पर नागरिक नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं। इसके अलावा आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, जन्मतिथि, लिंग, फोटो और बायोमेट्रिक विवरण (फिंगरप्रिंट एवं आइरिस) अपडेट कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। आधार से जुड़ी लगभग सभी सेवाएं यहां एक ही छत के नीचे दी जा रही हैं।
पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर संचालन
UIDAI का यह केंद्र अत्याधुनिक तकनीक और डिजिटल सुविधाओं से लैस है। इसका संचालन पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर किया जा रहा है, जहां विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं और प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इससे नागरिकों को व्यवस्थित और पारदर्शी सेवाएं मिल रही हैं।
प्रतिदिन 1500 आवेदनों के निस्तारण की क्षमता
केंद्र इंचार्ज के अनुसार, आधार सेवा केंद्र प्रतिदिन लगभग 1500 आवेदनों का निस्तारण करने में सक्षम है। नागरिकों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए विशेष हेल्पडेस्क भी बनाई गई है, जिससे लोगों को प्रक्रिया समझने और आवेदन करने में आसानी हो रही है।
सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा केंद्र
आधार सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित किया जा रहा है। केंद्र का समय सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यहां आधार सेवाओं के लिए केवल UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाता है और किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाता।
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की भी सुविधा
लंबी कतारों और प्रतीक्षा समय से बचने के लिए नागरिक पहले से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। इसके लिए UIDAI के पोर्टल पर जाकर समय निर्धारित किया जा सकता है, जिससे सेवा प्राप्त करने में और अधिक सुविधा मिलेगी।
बरेली और आसपास के जिलों को मिलेगा लाभ
UIDAI का यह नया आधार सेवा केंद्र बरेली के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा। आधार कार्ड आज अधिकांश सरकारी और निजी सेवाओं के लिए अनिवार्य दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में एक समर्पित आधार सेवा केंद्र की शुरुआत से लोगों को तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध होंगी।
