बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज 15 दिन बाद एक नर्स की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार देर रात युवती का शव घर में फंदे से लटका मिला। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
15 दिन पहले हुई थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, युवती ने जीएनएम की पढ़ाई पूरी कर इज्जतनगर के एक अस्पताल में नौकरी शुरू की थी। इसी दौरान उसकी पहचान बदायूं निवासी युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। हाल ही में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी, लेकिन शादी के बाद युवती अपने मायके लौट आई थी।
पहले पति ने खाया जहर, अब पत्नी ने उठाया कदम
परिजनों के अनुसार, करीब पांच दिन पहले युवती के पति ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद परिवार पहले से ही तनाव में था। इसी बीच गुरुवार रात युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की कोशिश और पत्नी की मौत के बीच का यह घटनाक्रम अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका के भाई ने बताया कि माता -पिता के निधन के बाद दोनों भाई-बहन एक-दूसरे का सहारा थे। मामा-मामी ने उनकी परवरिश की, लेकिन उनका भी निधन हो चुका है, भाई के अनुसार, युवती का पति दो दिन पहले उसे लेने आया था और वह जाने के लिए तैयार भी थी, लेकिन किसी वजह से नहीं जा सकी। इसके बाद ही यह दुखद घटना सामने आई।
सुसाइड नोट में लिखा-“कोई जिम्मेदार नहीं”
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवती ने लिखा है कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रही है और उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। हालांकि, पुलिस इस नोट की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है , चाहे वह प्रेम विवाह हो, पति की हालत या पारिवारिक परिस्थितियां।फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर 15 दिन के भीतर ऐसा क्या हुआ, जिसने एक खुशहाल रिश्ते को दर्दनाक अंत तक पहुंचा दिया।
