सपा प्रमुख का भाजपा पर सियासी हमला, UP में फेक एनकाउंटर करने वाले कई अधिकारी जाएंगे जेल
लखनऊ : देश और खासकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अलग-अलग मुद्दों पर केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उनके हालिया बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तेजी से चर्चा का विषय बने हुए हैं।
सिलेंडर संकट पर सरकार घिरी
एलपीजी और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार के पास पर्याप्त गैस और पेट्रोल है, तो फिर आम जनता को लंबी लाइनों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है। संसद परिसर में डेरेक ओब्रायन के एलपीजी सिलेंडर वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचने पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी।उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “सवाल-सिलेंडर में कितनी गैस है का नहीं, सवाल पहले या बाद के वजन का है। उन्होंने आगे कहा कि अगर सिलेंडर नहीं मिला, तो थाली की जगह इस बार सिलेंडर बजाएंगे।
डिप्टी CM पर ‘डिलीवरी बॉय’ वाला तंज
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि“यह नया जमाना डिलीवरी बॉय का है, डिप्टी CM को ‘डिलीवरी CM’ बन जाना चाहिए।”उन्होंने यह भी कहा कि डिप्टी सीएम अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक करें, ताकि जरूरतमंद लोग सीधे उनसे गैस या पेट्रोल मंगवा सकें।
कानून-व्यवस्था और ‘फेक एनकाउंटर’ का मुद्दा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि“जब कहते हैं यूपी में माफिया नहीं है, तो समझ लेना चाहिए एक ही माफिया है।”उन्होंने यह भी दावा किया कि निष्पक्ष जांच होने पर कई फर्जी एनकाउंटर सामने आएंगे और कई अधिकारी जेल जा सकते हैं।
भाजपा ने रामभक्तों को दुखी किया..
अयोध्या और धार्मिक मुद्दों पर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी अयोध्या हार गई। क्योंकि, उसने रामभक्तों को दुखी किया।” इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता का जिक्र करते हुए कहा कि किसी को यह तय करने का अधिकार नहीं कि कौन किस भगवान की पूजा करे।
महिलाओं की सुरक्षा और NCRB आंकड़े
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “NCRB के आंकड़ों के मुताबिक यूपी में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।”अखिलेश यादव ने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी आगामी चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। उन्होंने ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में वह बीजेपी का मजबूती से मुकाबला कर रही हैं।
