बरेली : शहर के बरेली कॉलेज में आयोजित एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले के दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने विपक्षी दलों पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ नेता ‘गैस की कमी’ जैसे मुद्दों को बढ़ा -चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, जबकि हकीकत में जिले में गैस की कमी नहीं है। उनके अनुसार, इस तरह की बातें केवल भ्रम फैलाने के लिए कही जा रही हैं।
आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन को सख्त निर्देश
मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि हर नागरिक तक गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आनी चाहिए। खासतौर पर घर-घर तक सुविधा पहुंचाने पर जोर दिया गया।
50+ कंपनियां, 100 से ज्यादा स्टॉल, हजारों युवाओं की भागीदारी
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कॉलेज परिसर में 100 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए, जहां विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। करीब 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत की और कई युवाओं का मौके पर ही चयन भी हुआ।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरुआत, युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। मंत्रियों ने युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जो उन्हें सीधे रोजगार के अवसरों से जोड़ते हैं।
