बरेली : यूपी के बरेली के आंवला स्थित भारत पेट्रोलियम तेल डिपो में एक युवक द्वारा हंगामा और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने डिपो परिसर में घुसकर ‘बदायूं जैसा कांड’ करने की धमकी दी, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सिक्योरिटी को चकमा देकर डिपो में घुसा
जानकारी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन रोड स्थित तेल डिपो की पार्किंग में एक युवक अपने साथियों के साथ सिक्योरिटी को चकमा देकर अंदर घुस गया। आरोप है कि उसने वहां मौजूद अधिकारियों के साथ अभद्रता की और हंगामा शुरू कर दिया।शोर -शराबा सुनकर टैंकर चालक और परिचालक भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
बदायूं जैसा कांड’ की दी धमकी
डिपो कर्मचारियों के अनुसार, युवक ने अधिकारियों को धमकाते हुए ‘बदायूं जैसा कांड’ करने की बात कही, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके साथी मौके से फरार हो गए।
पहले भी हो चुकी थी नोकझोंक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी के पिता संभल जिले में पेट्रोल पंप संचालक हैं। युवक एक दिन पहले भी डिपो आया था और तेल आपूर्ति को लेकर अधिकारियों से उसकी तीखी नोकझोंक हुई थी। बताया जा रहा है कि जाते समय वह अधिकारियों को देख लेने की धमकी देकर गया था और अगले दिन फिर डिपो पहुंचकर हंगामा करने लगा।
पुलिस जांच में जुटी, असलहा मिलने से इनकार
इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।।पुलिस ने आरोपी के पास से किसी भी असलहे के मिलने से इनकार किया है। डिपो प्रबंधन की ओर से तहरीर दी गई है, हालांकि उसमें आरोपी का नाम स्पष्ट नहीं बताया गया है। मामले को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
