बरेली : शहर के कैंट स्थित धोपेश्वर नाथ चौक पर राम नवमी के पावन अवसर पर भव्य और श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। यहां पूरा वातावरण भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। इस दौरान भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर विशेष पूजा -अर्चना की गई। चौक को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा शमां

कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा नृत्य,भजन और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की झलक देखने को मिली। भक्तों की सहभागिता और उत्साह ने आयोजन को और भी दिव्य बना दिया, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
अधिकारियों की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह

कैंटोनमेंट बोर्ड बरेली की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ.तनु जैन ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और लोगों को सांस्कृतिक विरासत को सहेजने व आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उनकी उपस्थिति ने आयोजन में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।
एकता और संस्कृति का संदेश
धोपेश्वर नाथ चौक पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक गौरव को भी मजबूत करने का माध्यम बना। राम नवमी के इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित किया कि ऐसे पर्व हमारी परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ समाज को जोड़ने का काम भी करते हैं।
