मंडलीय विकास-कानून व्यवस्था पर सीधी निगरानी, 1200 पुलिसकर्मी तैनात, SSP ने खुद संभाली वीवीआईपी ड्यूटी
बरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम राजकीय विमान से बरेली पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे सर्किट हाउस पहुंचा। यहां CM इस समय मंडल के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की हाई-लेवल समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने अफसरों को सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचने की बात कही। इसके साथ ही SIR को लेकर दिशा निर्देश दिए। बैठक में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह,बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर,मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र के वैवाहिक समारोह में शामिल होंगे।
1200 पुलिसकर्मी तैनात-SSP का सख्त निर्देश, ‘एक प्रतिशत भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। SSP अनुराग आर्य ने IVRI ऑडिटोरियम में फोर्स की बुधवार को ब्रीफिंग कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वीवीआईपी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रोटोकॉल, रूट मैनेजमेंट पर विशेष नजर, पूरे कार्यक्रम में समन्वय और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदली, देर रात तक पुराना बस अड्डा बंद,बसें सेटेलाइट स्टैंड से चलेंगी
सीएम योगी के आगमन के कारण बरेली की ट्रैफिक योजना में बड़ा बदलाव किया गया है। SP ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने एडवाइजरी जारी की। भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया। इन मार्गों से शहर की ओर आवाजाही बंद की गई। इसमें परसाखेड़ा रोड नं. 1, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झाड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ शामिल है।
दिल्ली/रामपुर से आने वाले भारी वाहन का नया रूट

शहर के झुमका तिराहा से बड़ा बाइपास, बिलवा, विलयधाम, नवदिया झाड़ा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा, भमोरा, बदायूं, नैनीताल-पीलीभीत रोड से आने वाले वाहनों का रूट भी बदला है। इसके साथ ही लखनऊ से दिल्ली जाने वाले वाहन फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा, बड़ा बाइपास से चलेंगे।।बदायूं/लखनऊ की बसें इन्वर्टिस तिराहा, सेटेलाइट बस स्टैंड, दिल्ली/रामपुर/नैनीताल/पीलीभीत रोड की बसें, झुमका,बिलवा, विलयधाम, इन्वर्टिस,सेटेलाइट बस स्टैंड से चलाई जाएंगी।
