बरेली : यूपी के बरेली समेत पूरे प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के तहत होने वाली कक्षा 5 और कक्षा 8 की परीक्षाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। शासन के निर्देश पर 24 मार्च को होने वाली इन कक्षाओं की परीक्षाएं अब स्थगित कर दी गई हैं। शिक्षा निदेशक (बेसिक) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले 24 मार्च को आयोजित होने वाली कक्षा 5 और 8 की परीक्षाएं अब 28 मार्च 2026 को कराई जाएंगी। पहले 24 मार्च को होने वाले पेपर, और कक्षा 5 गणित और सामाजिक विज्ञान, कक्षा 8 गणित और विज्ञान का पेपर था। मगर, अब ये सभी परीक्षाएं नई तिथि 28 मार्च को आयोजित होंगी।
अपरिहार्य कारणों से लिया गया फैसला
विभाग की ओर से बताया गया है कि कुछ अपरिहार्य कारणों के चलते यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, अन्य सभी परीक्षाएं और व्यवस्थाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी। तारीख बदलने के बाद शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को नए शेड्यूल के अनुसार तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।स्थानीय स्तर पर परीक्षा केंद्र, स्टाफ और अन्य व्यवस्थाओं को अपडेट किया जा रहा है।
अभिभावकों की मौजूदगी में घोषित होगा रिजल्ट
बरेली की बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि स्कूलों के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों को नई तिथि की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी छात्र को असुविधा न हो। शासन के निर्देश के मुताबिक, परीक्षा पूरी होने के बाद मूल्यांकन कार्य कराया जाएगा और परीक्षाफल अभिभावकों की उपस्थिति में घोषित किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
