बरेली: चौपला स्थित दीपमाला हॉस्पिटल के सामने बगिया कॉलोनी में एक 2 मंजिला घर में अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। हादसे में रमा सक्सेना, पत्नी राजेश कुमार सक्सेना, निवासी चौपला, गंभीर रूप से झुलस गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
कैसे लगी आग?
स्थानीय लोगों के अनुसार घर में गर्म पानी करने के लिए इस्तेमाल होने वाली इमर्शन रॉड को बेड पर ही रख दिया गया था। रॉड इतनी गर्म थी कि बेड ने कुछ ही सेकंड में आग पकड़ ली। आग अचानक तेज हुई और कमरे में धुआँ फैल गया, जिसके कारण महिला बाहर नहीं निकल सकीं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
मौके पर अफरा-तफरी, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुँची
स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों और पाइप से आग बुझाने की कोशिश की। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आसपास के मकानों को जलने से बचाया।
घटना की जांच जारी
पुलिस ने घर का निरीक्षण किया है और आग लगने की वजह की पुष्टि शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में इमर्शन रॉड को ही आग की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
