सेलिब्रिटी की सुरक्षा पर सख्ती, सीएम योगी का भरोसा, परिवार को मिलेगी पूरी मदद
बरेली / लखनऊ : बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग के बाद अब सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद दिशा पाटनी के पिता जगदीश सिंह पाटनी से फोन पर बातचीत कर परिवार की सुरक्षा का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि “पूरा उत्तर प्रदेश आपके साथ है” और उनके परिवार की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं होने दी जाएगी। रिटायर्ड सीओ जगदीश सिंह पाटनी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें सांत्वना दी और आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। परिवार को अतिरिक्त सुरक्षा दी जा रही है ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
फायरिंग की घटना, जानें पूरा मामला
12 सितंबर की तड़के करीब साढ़े तीन बजे बाइक सवार दो हमलावर दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग कर फरार हो गए थे। यह घटना बरेली के कोतवाली क्षेत्र में हुई। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर दिखाई दिए थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया, जिसमें गोल्डी बरार के साथियों ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, बाद में यह पोस्ट और अकाउंट दोनों डिलीट कर दिए गए। जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया अकाउंट पुर्तगाल की आईडी से बनाया गया था।
एफआईआर में क्या दर्ज कराया गया?
दिशा पाटनी के पिता जगदीश सिंह पाटनी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें उन्होंने बताया कि दो अज्ञात बाइक सवारों ने बृहस्पतिवार सुबह साढ़े चार बजे घर के बाहर फायरिंग की। परिवार उस समय सो रहा था। शुक्रवार तड़के 3:30 बजे कुत्ते के भौंकने पर उन्हें शक हुआ। बालकनी में जाकर देखा तो बाइक सवार दो युवक दिखे। उन्हें टोकने पर एक युवक ने निशाना बनाकर गोली चला दी। पिलर के पीछे छिपकर उन्होंने अपनी जान बचाई। जगदीश पाटनी ने पुलिस को बताया था कि उनकी बड़ी बेटी दिशा पाटनी बॉलीवुड अभिनेत्री हैं, जबकि दूसरी बेटी खुशबू पाटनी मेजर पद से रिटायर होकर उनके साथ रहती हैं। घटना के बाद पुलिस ने परिवार को सुरक्षा प्रदान की।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम
एसएसपी ने मामले की जांच करवाई। तकनीकी जांच में पता चला कि सोशल मीडिया अकाउंट विदेशी आईडी से चलाया गया था। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच कर रही है। परिवार की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।
जनता की प्रतिक्रिया और सुरक्षा का भरोसा
परिवार और स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर चिंता जताई थी। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सीधे संपर्क में आने के बाद उन्हें सुरक्षा का भरोसा मिला। प्रशासन ने कहा है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
