पूर्व सीएम एशिया कप पर बोले – शहीदों के परिजनों का सामना नहीं कर पाएगी भाजपा, राजनीतिक पार्टी नहीं, गैंग की तरह काम कर रही है
ओम प्रकाश राजभर पर कड़ा इशारा, बोले- अब उनकी वैल्यू नहीं बढ़ने देंगे, विश्वकर्मा समाज को सपा देगी पूरा सम्मान
लखनऊ : यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने विश्वकर्मा समाज को लेकर बड़ा ऐलान किया और कहा कि समाजवादी पार्टी उनके आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अधिकारों के लिए हमेशा साथ खड़ी रहेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि “रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा जी को एक विशेष स्थान दिया जाएगा।” इसके साथ ही उन्होंने उन संस्थाओं पर कार्रवाई की बात कही जो लोगों को गुमराह कर रही हैं। सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार पर संविधान से नहीं, बल्कि दबाव से चलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सरकार कानून और संविधान से नहीं चल रही है, बल्कि दबाव बनाकर फैसले लिए जा रहे हैं। पुलिस भी सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है, जिसकी वजह से लगातार पिटाई से मौतों के मामले सामने आ रहे हैं।
शहीदों की पीड़ा पर राजनीति कर रही भाजपा

एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग शहीदों के परिजनों का सामना नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि विदेश नीति से जुड़े मुद्दे बेहद संवेदनशील हैं और इस सवाल का जवाब भाजपा नेताओं से ही पूछा जाना चाहिए।
ओमप्रकाश राजभर पर तंज, अब उनकी राजनीति पर कोई असर नहीं

ओम प्रकाश राजभर के जन्मदिन पर दिए गए बयान में अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर कहा कि “जन्मदिन उनका है, तो मैं क्या करूं?” यह बयान राजभर की राजनीति में घटती चमक और सपा की रणनीति का संकेत माना जा रहा है। अखिलेश ने 2022 में राजभर से गठबंधन किया था, लेकिन अब पार्टी उन्हें बढ़ावा नहीं देने की नीति पर चल रही है।
सपा आउटसोर्स व्यवस्था पूरी तरह से करेगी खत्म

अंत में अखिलेश ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी आउटसोर्स व्यवस्था पर पूरी तरह से रोक लगाएगी और पक्की नौकरियों के साथ आरक्षण दिलाने के लिए प्रयास करेगी। साथ ही, उन्होंने भरोसा दिलाया कि संविधान और न्याय की रक्षा के लिए सपा हर कदम उठाएगी।
