कार से आए बदमाशों ने शीशा तोड़कर की वारदात, रामपुर गार्डन में बढ़ी दहशत, जांच में जुटी पुलिस
बरेली : शहर की पॉश कॉलोनी रामपुर गार्डन में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोर एक कारोबारी के घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार चुराकर फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कार से आए चोर, कुछ ही मिनटों में वारदात
जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी निवासी कारोबारी रवि खंडेलवाल के बेटे अर्जुन खंडेलवाल की क्रेटा कार रविवार रात अंतिम पहर में चोरी कर ली गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर खुद एक कार से मौके पर पहुंचे और बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
शीशा तोड़कर कार में घुसे चोर
फुटेज के अनुसार, चोरों ने पहले अपनी कार चोरी होने वाली गाड़ी के पास खड़ी की। इसके बाद उन्होंने क्रेटा कार का शीशा तोड़ा और अंदर घुस गए। कुछ ही देर में उन्होंने कार स्टार्ट की और मौके से फरार हो गए।चोरी इतनी सफाई से की गई कि आसपास किसी को भनक तक नहीं लगी।
सुबह खुला राज, CCTV से हुआ खुलासा
सोमवार सुबह जब परिवार के लोग घर से बाहर निकले, तो कार गायब मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई है।
पहले भी हो चुकी है चोरी की कोशिश
बताया जा रहा है कि इसी कॉलोनी में तीन दिन पहले भी एक अन्य कारोबारी की क्रेटा कार चोरी करने की कोशिश की गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पॉश कॉलोनी में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
