बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में दारोगा (सब इंस्पेक्टर) की मेट (घर काम करने वाली एक महिला) से कुछ दबंगों ने बदसुलूकी और मारपीट की। शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के डेलापीर निवासी पीड़ित महिला का आरोप है कि वह सीबीगंज स्थित दरोगा जावेद अली के घर साफ सफाई का काम कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंच गए और बिना किसी वजह के उससे उलझने लगे।
गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुंचा मामला
महिला के मुताबिक, आरोपियों ने पहले उससे बदतमीजी और गाली-गलौज की,जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी मारपीट पर उतर आए और माहौल को बिगाड़ दिया। अचानक हुए इस विवाद से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के साथ-साथ आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए और पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिससे स्थिति काबू में आई। बताया जाता है कि पीड़ित महिला रामपुर की मूल निवासी है। मगर, शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में रहती है।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने सीबीगंज थाना क्षेत्र निवासी रोहित, निर्दोष और श्यामपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही सीबीगंज थाने के सब इंस्पेक्टर वीरेश पाल को जांच सौंपी गई है।
