लखनऊ : उत्तर प्रदेश ठेकेदार कल्याण समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर सड़क निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाले बिटुमिन(सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाला काला लेप) की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि लागत बढ़ने से ठेकेदारों को भारी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बिटुमिन के दामों में अचानक बड़ी बढ़ोतरी
पत्र में बताया गया है कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर अमेरिका-ईरान तनाव के कारण पेट्रोलियम पदार्थ महंगे हो गए हैं। इसका सीधा असर बिटुमिन की कीमतों पर पड़ा है, जो करीब 30,000 रुपये प्रति मीट्रिक टन तक बढ़ गई है। इससे सड़क निर्माण की लागत काफी बढ़ गई है।
पुराने टेंडर रेट पर काम करना मुश्किल
समिति ने कहा कि ज्यादातर ठेकेदारों ने पुराने रेट पर टेंडर लिए थे, लेकिन अब लागत बढ़ने के कारण उसी रेट पर काम करना संभव नहीं है। प्रति किलोमीटर सड़क नवीनीकरण की लागत में भी करीब 1,20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है।
एनएचएआई की तर्ज पर राहत देने की मांग
ठेकेदारों ने मांग की है कि जैसे एनएचएआई ने अपने प्रोजेक्ट्स में राहत देने के लिए पॉलिसी जारी की है, वैसे ही उत्तर प्रदेश सरकार भी ठेकेदारों को बढ़ी हुई कीमतों का भुगतान करे। उनका कहना है कि इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनी रहेगी और विकास कार्य बिना रुकावट जारी रह सकेगा।
