बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर एक अहम फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने 25 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन पर चार महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का 01 मिनट का अस्थायी ठहराव प्रदान किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय क्षेत्रीय यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए फैसला लिया है। इससे लखनऊ एवं आसपास के इलाकों से यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इन ट्रेनों को मिलेगा अस्थायी ठहराव
15073 सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस यह ट्रेन निर्धारित तिथियों में मोहनलालगंज स्टेशन पर सुबह 06:47 बजे पहुँचेगी, और 06:48 बजे प्रस्थान करेगी। 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस यह ट्रेन शाम 04:40 बजे आगमन के बाद 04:41 बजे प्रस्थान करेगी। 15075 शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस यह भी सुबह 06:47 बजे आगमन और 06:48 बजे प्रस्थान के साथ मोहनलालगंज स्टेशन पर रुकेगी।15076 टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस है। यह ट्रेन शाम 04:40 बजे पहुँचकर 04:41 बजे रवाना होगी।
यात्रियों को क्या होगा फायदा
रेलवे के इस फैसले से मोहनलालगंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अब लंबी दूरी की ट्रेनों में चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी। खासकर कामकाजी यात्रियों, छात्रों और तीर्थ यात्रियों को इससे काफी राहत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यह अस्थायी ठहराव यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से दिया गया है और स्थिति की समीक्षा के बाद आगे भी निर्णय लिया जा सकता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले रेलवे की अधिकृत वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से समय की पुष्टि अवश्य कर लें।
