बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने बड़ा फैसला लिया है। पीआरओ रेलवे प्रशासन ने परिचालनिक सुगमता और संरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मूतवी मंडल में चल रहे इंजीनियरिंग कार्य के कारण कुछ प्रमुख ट्रेनों को अस्थायी रूप से निरस्त करने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार कठुआ-माधोपुर (पंजाब), उधमपुर-चक रखवाल और पठानकोट कैंट-कंद्रोरी स्टेशनों के बीच स्थित कई पुलों पर मरम्मत और तकनीकी कार्य किया जाना है। इसी वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
इन पुलों पर हो रहा है इंजीनियरिंग कार्य
रेलवे प्रशासन द्वारा जिन पुलों पर कार्य कराया जा रहा है, उनमें कठुआ-माधोपुर (पंजाब) के बीच पुल संख्या-17, उधमपुर-चक रखवाल के बीच पुल संख्या-163 (शहीद कप्तान तुषार महाजन) पठानकोट कैंट-कंद्रोरी के बीच पुल संख्या-137 एवं 232 शामिल हैं। इन पुलों पर चल रहे इंजीनियरिंग कार्य के कारण ट्रेनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है।
यह ट्रेन रहेंगी निरस्त
रेल मंडल के पीआरओ ने बताया कि ट्रेनें निर्धारित अवधि तक निरस्त रहेंगी। इसमें 12207 काठगोदाम- जम्मूतवी एक्सप्रेस, काठगोदाम से 31 मार्च 2026 तक निरस्त, 12208 जम्मूतवी-काठगोदाम एक्सप्रेस, जम्मूतवी से 29 मार्च 2026 तक निरस्त, 12209 कानपुर सेंट्रल- काठगोदाम एक्सप्रेस, कानपुर सेंट्रल से 31 मार्च तक निरस्त, 12210 काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस, काठगोदाम से 30 मार्च तक निरस्त
यात्रियों से की यह अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस ऐप या हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से अपडेट प्राप्त कर सकते हैं, ताकि असुविधा से बचा जा सके। इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और परिचालनिक सुधार के उद्देश्य से लिया गया है। इंजीनियरिंग कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन पुनः सामान्य कर दिया जाएगा।
