ट्रक की टक्कर से बाइक और ई-रिक्शा कुचले गए, इलाके में कोहराम
बरेली : यूपी के बरेली में गुरुवार सुबह घने कोहरे ने जानलेवा रूप ले लिया। जिले के दो अलग-अलग हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसों में पिता और उनके दो बेटों समेत कुल पाँच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसों के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
नैनीताल हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्रों को रौंदा
पहला हादसा देवरनियां थाना क्षेत्र के अंतर्गत नैनीताल हाईवे पर गुंडवारा गांव के पास हुआ। गांव इटौआ निवासी 55 वर्षीय पप्पू अपने दो बेटों 15 वर्षीय विशाल और 20 वर्षीय विवेक के साथ बाइक से किच्छा मजदूरी करने जा रहे थे। परिजनों के अनुसार सुबह करीब छह बजे घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पप्पू और उनके दोनों बेटों की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक ड्राइवर मौके से फरार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, और तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों की जेब में मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पप्पू की पत्नी शीला का रो-रोकर बुरा हाल है। पप्पू के छह बच्चे हैं, जिनमें से दो की एक साथ मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक घने कोहरे के कारण ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। तीनों मृतक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
रिठौरा में ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो की मौत
इसके साथ ही दूसरा हादसा रिठौरा चौकी क्षेत्र में राजश्री पेट्रोल पंप के पास हुआ। यहां हाईवे पर यू-टर्न ले रहे ट्रक ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पूरा ई-रिक्शा ट्रक के नीचे दबकर कुचल गया। पुलिस के मुताबिक नवाबगंज क्षेत्र के यासीन नगर निवासी हाशिम ई-रिक्शा चलाकर भोजीपुरा के गांव लाडपुर काम पर जा रहे थे। ई-रिक्शा में रिछौला निवासी सलीम, नसरुद्दीन और रहीसुद्दीन उर्फ मंझले भी सवार थे, जो बोरिंग का काम करते थे।
जेसीबी से हटाया गया ट्रक, फंसे लोगों को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर रिठौरा चौकी पुलिस पहुंची और जेसीबी की मदद से ट्रक हटवाकर ई-रिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक हाशिम और सलीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नसरुद्दीन और रहीसुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया है। ट्रक चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
सड़क निर्माण और कोहरे ने बढ़ाया खतरा, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ। वहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा है और सुबह के समय घना कोहरा होने से दृश्यता बेहद कम थी। पुलिस ने दोनों हादसों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार ट्रक चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
