बरेली: शहर के भुता थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए दो आरोपियों को 597 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक टैम्पू और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया।
कैसे और कहां हुई गिरफ्तारी?
पुलिस के मुताबिक,चेकिंग के दौरान भुता पुलिस टीम को सूचना मिली। इसके आधार पर ग्राम धीरपुर की ओर जाने वाली छोटी नहर के रास्ते पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध टैम्पू को रोका गया, जिसकी तलाशी में 597 ग्राम अफीम बरामद हुई।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजीज अहमद और नरेन्द्र के रूप में हुई है। दोनों फरीदपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से टैम्पू और एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया, जिसे तस्करी से जुड़े साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया गया है।
क्या हुई कार्रवाई?
बरामदगी के आधार पर थाना भुता में धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
