बरेली : यूपी की बरेली पुलिस ने एक बार फिर अपनी प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया है। मई महीने में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 462 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। इन मोबाइल फोनों की कुल कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई जा रही है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए बरेली पुलिस का आभार व्यक्त किया।
साइबर टीम और सर्विलांस सेल की मेहनत लाई रंग
पुलिस द्वारा गुम और चोरी हुए मोबाइल फोनों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने CEIR पोर्टल तथा अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से मई महीने में 462 मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल पाएगा।
बहेड़ी थाना रहा सबसे आगे, कई थानों का सराहनीय प्रदर्शन

मोबाइल बरामदगी के मामले में बहेड़ी थाना सबसे आगे रहा, जहां से 47 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद सुभाषनगर थाना 37 और बारादरी थाना 30 मोबाइल फोन बरामद कर प्रमुख स्थानों पर रहे। इसके अलावा कोतवाली, सीबीगंज, नवाबगंज, इज्जतनगर, प्रेमनगर और किला थाना समेत कई थानों ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और साइबर टीमों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
17 महीनों में 10.50 करोड़ रुपये के 5,259 मोबाइल बरामद
बरेली पुलिस की उपलब्धियों पर नजर डालें तो जनवरी 2025 से मई 2026 तक कुल 5,259 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों को मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए और CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कर देना चाहिए। इससे मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सकता है और उसके वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
